आलोचना में विनम्र उपस्थित के साथ डाँ. बलदेव :-लेखक:-विनोद साव

स्मरण :

आलोचना में विनम्र उपस्थिति के साथ डा.बलदेव

-    विनोद साव

यह वर्ष १९९३ के आसपास की बात होगी जब रायगढ़ में व्यंग्यकार कस्तूरी दिनेश ने अपने व्यंग्य-संग्रह ‘फ़ोकट का चन्दन लगा मेरे नंदन’ का विमोचन करवाया था और हम सब व्यंग्यकारों को आमंत्रित किया था. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कस्तूरी दिनेश के मित्र प्रसिद्द पत्रकार एवं लेखक ललित सुरजन थे. व्यंग्यकार लतीफ़ घोंघी, त्रिभुवन पांडेय और प्रभाकर चौबे थे. वहां कवि आनंदी सहाय शुक्ल जी को पहली बार देखा और सुना था तब अपनी प्रसिद्द कविता ‘बारहमासी’ का उन्होंने वहां पाठ किया था. उसके बाद उनका सम्मान हुआ. विमोचन कार्यक्रम संपन्न हुआ और हम सब रचनाकारों ने अपनी व्यंग्य रचनाओं का पाठ किया. रात में भोजन करने के बाद सारे अतिथि अपने अपने साधनों से लौट गए थे पर मैं और विनोद शंकर शुक्ल रुक गए थे दूसरे दिन की ट्रेन पकड़ने के लिए.

हम सुबह रायगढ़ स्टेशन पहुंचे सामने जे.डी पैसेंजर खड़ी थी उसमें बैठ गए इस विश्वास के साथ कि हमें बिलासपुर में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस मिल जाएगी रायपुर और दुर्ग जाने के लिए. ट्रेन में बैठे तो समय काटने के लिए कल संपन्न हुए कार्यक्रम की हम समीक्षा कर रहे थे तब हमारी बातचीत को सुनकर हमारे सामने बैठे हुए सज्जन ने मुस्कुराते हुए धीरे से हमें पूछा कि ‘आप लोग साहित्यकार हैं क्या?’ इससे हम लोगों को बड़ी प्रसन्नता हुई क्योंकि ट्रेन बस में साहित्यकार को पूछने वाले कम मिलते हैं.
प्रसन्न होकर विनोद शंकर शुक्ल ने कहा कि ‘हाँ!’
तब उन्होंने अपना परिचय दिया कि ‘मैं डा.बलदेव हूं.’
शुक्ल जी ने बताया कि ‘मैं विनोद शंकर शुक्ल हूं और ये विनोद साव हैं. हम लोग व्यंग्य लिखते हैं और कल कस्तूरी दिनेश के कार्यक्रम में यहाँ आए हुए थे.’

डा.बलदेव ने तब अपनी व्यस्तता के कारण उस कार्यक्रम में नहीं पहुँच पाना बताया था. विनोद शंकर जी ने उनसे कहा कि ‘बलदेव जी मैं आपको जानता हूं. आप अच्छे कला समीक्षक हैं.’ बलदेव जी के चेहरे पर खिल उठने वाली वही मुस्कान थी जो बाद में उनकी चिर-परिचित मुस्कान बन गई थी. उनकी मध्यम कदकाठी, सांवले रंग, सिर के फुरफुरे बालों और आंखों में झांकने वाली सहज आत्मीयता के बीच वह मुस्कान खिल उठती थी.

अब वे भी हमारी बातों में रस लेने लग गए थे और हम उनकी. प्रारंभिक परिचय में विनोदशंकर शुक्ल को उन्होंने कवि विनोद कुमार शुक्ल समझा था .. तब ऐसा विनोदशंकर जी के साथ साहित्य समारोहों में अक्सर हो जाता था. उन्हें संचालक भी प्रस्तुत करते समय कई बार विनोद कुमार शुक्ल कह उठते थे. कभी कभार विनोद कुमार शुक्ल को कोई विनोद शंकर शुक्ल कह उठता था तब उन्हें भी हिसाब बराबरी कर लेने का मौका मिल जाता था. इससे उन्हें सुकून मिलता था.

बलदेव जी को जब मेरे नाम में साव दिखा तब उन्होंने बताया कि ‘मैं भी साव हूं.’ परिचय के बाद यह जानकर कि मैं दुर्ग के वयोवृद्ध साहित्यकार व समाजसेवी पतिराम साव जी का पोता हूं तब उन्हें आत्मीय ख़ुशी हुई और कहा कि ‘पतिराम साव गुरूजी हमारे समाज के बड़े मुखिया और मार्गदर्शक रहे हैं.’ अब वे मुझसे ज्यादा अपनेपन के साथ बाते करने लग गए थे.

जब मैंने उन्हें पूछ दिया कि ‘आपकी विधा क्या है?’ उन्होंने कहा कि ‘आलोचना’. तब मैंने अपने अल्पज्ञान में पूछ दिया कि ‘आलोचना के अतिरिक आपकी कोई विधा होगी?’ तब मेरे भोलेपन पर मुस्कुराते हुए वे बोल उठे कि ‘अरे! आप आलोचना को विधा नहीं मानते क्या? यह भी साहित्य की एक विधा है.’ तब एक लेखक होने की प्रक्रिया में मुझे अपने संकुचित ज्ञान पर हंसी आ गई कि मैं आलोचना को एक विधा नहीं मान रहा हूं जैसे कि आलोचक व्यंग्य को एक विधा नहीं मानते.

 ट्रेन की धीमी गति की तरह डा.बलदेव हमें अपने टिप्स देते रहे जिससे हम लोगों में साहित्यिक समझ बढ़ती जाती. बलदेव जी अपनी व्याख्या में ‘लाउड’ नहीं होते थे. वे आहिस्ते से अपनी उपस्थिति दर्ज करते थे. उनके व्यवहार और आलोचना दृष्टि में आक्रामकता नहीं थी. वे प्रमोद वर्मा से प्रभावित थे और उनके बारे में उन्होंने कहा कि ‘प्रमोद वर्मा जी आलोचना में आचार्य की पदवी प्राप्त कर चुके हैं.’ भिलाई बख्शी सृजन पीठ के अध्यक्ष के रूप में जब प्रमोद जी भिलाई में थे तब उन्होंने भी डा. बलदेव के काम की सराहना की थी. प्रमोद जी और बलदेव जी दोनों रायगढ़ से जुड़े हुए भी थे और उनमें एक समानता यह दिखी थी कि उन दोनों की आलोचना में ‘क्लैरिटी’ (स्पष्टता) थी. दूसरी एक मज़ेदार समानता यह थी कि प्रमोद जी व्यंग्यकार शरद जोशी के मित्र रहे और अशोक वाजपेयी से दूरी बनाए रखे. बलदेव जी ने भी एक बार हम लोगों के बीच यह मज़ेदार टिप्पणी की थी कि ‘अशोक वाजपेयी के दो बड़े विरोधी थे एक शरद जोशी और दूसरा मैं.’

मंचीय कवियों पर भी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा था कि ‘छत्तीसगढ़ के मंचीय कवियों में लक्ष्मण मस्तुरिया और रामेश्वर वैष्णव अपनी विशेष छाप छोड़ते हैं.’

बलदेव जी के साथ इस सरस बातचीत में रायगढ़ से बिलासपुर तक की यात्रा आसानी से कट गई थी. मैं और विनोदशंकर जी जे.डी. से उतरकर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में बैठ गए और डा.बलदेव बिलासपुर ही उतर गए थे.

एक लम्बे अरसे बाद वर्ष २००९ में बलदेव जी से दूसरी मुलाकात तब हुई जब हमने दुर्ग में ‘समाज रत्न पतिराम साव सम्मान’ से अलंकृत करने के लिए उन्हें आमंत्रित किया था. दादा जी पतिराम साव के नाम से हम लोग हर साल एक साहित्यकार, एक शिक्षक या समाजसेवी को समारोह में सम्मान अलंकरण दिया करते थे. यह आयोजन लगभग पंद्रह वर्षों तक चला.

बलदेव जी हम लोगों से मिलने के उत्साह में एक दिन पहले आ गए थे. मैं उन्हें अपनी कार में लेने स्टेशन गया. वे रात पास में ही हमारे छोटे भाई संतोष के घर में रुके थे. दूसरे दिन सबेरे हमारे चाचा जी प्रो.ललित कुमार साव के घर वे नाश्ते पर आमंत्रित हुए. दोपहर का भोजन हमारे घर किया तब पत्नी चन्द्रा की पाक कला को उन्होंने न केवल सराहा बल्कि तन्मयता से स्वाद लेकर उसके बनाए भोजन को खाया भी.

दूसरे दिन दुर्ग के भव्य आयोजन में उनके साथ रायपुर के प्राध्यापक डा. सुखदेव साहू ‘सरस’ को भी सम्मानित किया गया था. सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मलेन के अध्यक्ष ललित सुरजन थे और तत्कालीन विधायक ताम्रध्वज साहू ने अध्यक्षता की थी. सम्मान कार्यक्रम के बाद वे ललित जी के साथ ही रायपुर चले गए थे अपने साहित्यिक मित्र पुलिस महाधिवक्ता विश्वरंजन से मिलने. वही उनसे अंतिम मुलाकात थी.

फिर एक अरसे बाद फेसबुक में उनके पुत्र बसंत साव की यह पोस्ट दिखाई दी कि ‘डा.बलदेव नहीं रहे.’ इस तरह इस कला समीक्षक की मौन उपस्थिति उनकी मौन अनुपस्थिति में तब्दील हो गई थी. पर हमारी स्मृतियों में उनकी मध्यम कदकाठी, सांवले रंग, सिर के फुरफुरे बालों और आंखों में झांकने वाली सहज आत्मीयता के बीच उनकी वह मुस्कान अब भी खिल उठती है.

 -    विनोद साव, मुक्तनगर, दुर्ग मो.9009884014  

 

परिचय - विनोद साव

 

20 सितंबर 1955 को दुर्ग में जनमे विनोद साव समाजशास्त्र विषय में एम.ए.हैं. मूलतः व्यंग्य लिखने वाले विनोद साव उपन्यास, कहानियां और यात्रा वृतांत लिखकर भी चर्चा में हैं. उनकी रचनाएं हंस, पहल, लहक, अक्षरपर्व, ज्ञानोदय, वागर्थ और समकालीन भारतीय साहित्य में छपी हैं. उनके दो उपन्यास, चार व्यंग्य संग्रह, दो यात्रावृत्तांत, दो संस्मरण, कहानी संग्रह व छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षमंडल के लिए मुक्तिबोध और दाऊ मंदराजी साव पर चित्र पुस्तिकाओ सहित सत्रह पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं.  तीन पत्रिकाओं के विशेषांक उन पर निकले हैं. उन पर शोध हुए हैं. उन्हें कई पुरस्कार मिल चुके हैं. उपन्यास के लिए डा. नामवर सिंह और व्यंग्य के लिए श्रीलाल शुक्ल से पुरस्कृत हुए हैं. विगत दिनो छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मलेन, रायपुर द्वारा उन्हे समग्र साहित्यिक योगदान के लिए ‘सप्तपर्णी सम्मान’ से नवाज़ा गया. उनकी यायावर प्रकृति उन्हें देश के अतिरिक्त विदेशों की यात्राओं में भी ले जाती हैं. वे भिलाई इस्पात संयंत्र में सहायक प्रबंधक(सी.एस.आर.) थे.

उनका पता है: मुक्तनगर, दुर्ग (छत्तीसगढ़) 491001, मो.9009884014

विनोद साव जी के आलेख पर कुछ महत्वपूर्ण टिप्पणियाँ

1- सावजी से सुदीर्घ और पारिवारिक संबंध थे हमारे। वे सांस्कृतिक छत्तीसगढ़ के नागरिक थे ।कोई छद्म नहीं।  साहित्य में मूल्यांकन का उनका मार्ग मॉडर्न  और पोस्ट मॉडर्न वेस्टर्न एस्थेटिक्स या Marxist aesthetics से नहीं जाता था ।जन जीवन और सवानुभव ही उनकी  सृजन संपदा थी। उनके जैसे सरल और पारदर्शी सृजन धर्मा को आपने  exactly  वैसा अंकित किया है memories ने ।आप सहज हैं, और मेरा मानना है कि यह आपके फॉर्म का climax है ।memories के पास कोई eraser नहीं होता ।यह हवा की तरह बेरोकटोक आती है ।सावजी से जुड़ी अपनी स्मृतियों के साथ हम सब शामिल है ।हम जब तक हैं उन्हें मिस करेंगे।
कल्याणी महापात्रे वर्मा
2- श्रद्धेय के चरणों में सादर नमन.... मेरा उनके साथ काफी घनिष्ठ संबंध था, जिन दिनों छत्तीसगढ़ी मासिक "मयारु माटी" का मैं प्रकाशन संपादन कर रहा था, उन्ही दिनों वे छत्तीसगढ़ी के वरिष्ठ साहित्यकारों पर समीक्षा लिख रहे थे, इसके लिए वे हमेशा मुझे कहते "बेटा सुशील तैं मोला समीक्षक बना दिए."
मेरा पहला कविता संग्रह "छितका कुरिया" की भूमिका उन्होंने ही लिखा, साथ में पं. मुकुटधर पाण्डेय जी से छत्तीसगढ़ी में आशीर्वचन भी लिखवाया... उस समय श्रद्धेय पाण्डेय जी ने मुझसे कहा था, कि मैं अपने जीवन में पहली बार किसी के लिए छत्तीसगढ़ी भाषा में आशीर्वचन लिखा हूँ...
दोनों महानुभावों को शत् शत् नमन 🙏🙏🙏
शुशील भोले
3- सादर नमन। जनवरी2012 को रायगढ़ में प्रमोद वर्मा स्मृति संस्थान के आयोजन पर डॉ साव जी आत्मीय मुलाकात अउ उनसे बातचीत का अवसर मिला था, साथ मे कविता पढ़ने का सौभाग्य मिला था। तब से फोन पर सम्पर्क बना रहा। बातचीत होती रही। मैं जब डॉ कांतिकुमार जैन साहब से बात करता तो वे डॉ साव का जिक्र करते और जब डॉ साव जी से बात होती तो वे डॉ कांति कुमार जी का जिक्र करते। डॉ साव जी की स्मृति को सादर नमन।
बिरेन्द्र सरल
4- साहित्यिक क्षेत्र में चलते-फिरते ज्ञानकोष थे बलदेव चाचा। कॉलेज के दिनों में दो साल उन्हीं के मुहल्ले में रहा भी था।
कई बार मिला उनसे। 
जब भी मिले, विभिन्न विषयों पर 2-3 घंटा कम से कम चर्चा हुई। हर बार नास्ते के साथ दो बार चाय भी पिलाते। 
अंतिम भेंट 2012 में मेरी पीएच.डी. के संबंध में हुई थी। तीन-साढ़े तीन घंटे की चर्चा में ही उन्होंने मुझमें इतना आत्मविश्वास भर दिया कि मेरी थिसिस मात्र छह महीने में तैयार हो गई। और हमारे पूरे बैच में सबसे पहले एवार्ड भी हासिल कर लिया।
डाँ. प्रदीप कुमार शर्मा
5-पिछले दिनों बलदेव जी की कविताओं से जुड़ना बहुत सुखद रहा ! अपनी तरह के अनूठे कवि है ! उन्हें पढ़ते हुए मैंने अपने भीतर एक उदात्त चेता कवि से संवाद करता पाया ! हमारे जानने-सीखने के लिए उनकी कविताऍं बड़ा स्रोत है ! एक लंबा आलेख मैंने उनकी कविताओं पर लिखा भी है, जो अभी अप्रकाशित है ! बलदेव जी की छतीसगढ़ी कविता भी बेजोड़ है !
रजत कृष्ण
7- बलदेव भाई से मेरा रिश्ता बहुत पुराना था कवि सम्मेलनों के दौरान हम उनके गांव भी हो आए थे ना केवल में बल्कि दीवान जी और कृष्णा रंजन भी साथ थे उन दिनों बलदेव भाई मंच से कविता भी पढ़ते थे बाद में रायगढ़ आए उन्होंने मेरे पहले व्यंग संग्रह पहाड़ पर चढ़ते पांव पर एक बड़ी समीक्षा लिखी थी वे बहुत ही विनम्र थे उन्होंने मुकुटधर पांडे पर बहुत काम किया उन पर एक पुस्तक भी लिखी विश्वरंजन जी के कार्यक्रमों में बराबर मुलाकात होती रही बाद के दिनों में चलने फिरने में असमर्थ होने के कारण उनका आना-जाना कम हो गया था लेकिन फोन से बराबर बातें होती रहती थी वह मेरे घर भी कई बार आए आज आपने उनकी याद को ताजा कर दिया वैसे परदेसी भाई के अकाश दिया अंक में मैंने यह लेख पढ़ लिया था फिर भी यहां पढ़ना बहुत अच्छा लगा।
रवि श्रीवास्तव
8- डॉक्टर बलदेव मेरे प्राचार्य रहे पर रिश्ता ऐसा रहा कि उन्हें चाचा कहकर ही हमेशा बुलाना होता रहा।आपने उन्हें शिद्दत से याद किया तो उनकी स्मृति जीवंत हो उठी। भिलाई होटल में डी एन शर्मा जी के संयोजन में आयोजित पुस्तक लेखन कार्यशाला में मैं उनके साथ गया था तब आप भी वहीं थे। कई स्मृतियां हैं उनसे जुड़ी हुईं।
रमेश शर्मा

Comments

Popular posts from this blog

पुनर्पाठ:डाँ. बलदेव:सृजन और सरोकार :-लेखक-रजत कृष्ण

डाँ. बलदेव महत्व:- लेखक राजू पांडेय

बल देने वाले डाँ. बलदेव भैय्या:-डाँ. देवधर महंत